नई दिल्ली. देश में कोरोनावायरस के मरीजों की संख्या 5 हजार 379 हो गई। बुधवार को इंदौर में 22 नए पॉजिटिव मिले, इससे शहर में मरीजों की संख्या बढ़कर 173 हो गई। कोरोना संकट के बीच भारतीय सेना ने 16 अप्रैल को होने वाली द्विवार्षिक कमांडर कॉन्फ्रेंस आगे बढ़ाई। इसमें सेना प्रमुख एमएम नरवणे की अध्यक्षता में सीमा सुरक्षा समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होनी थी। उधर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को 50 लाख रुपए का बीमा कवर देने का ऐलान किया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार सुबह 10 बजे बताया कि पिछले 24 घंटे में देशभर में 773 नए संक्रमित मिले और 35 मरीजों की मौत हुई। अब तक कुल संक्रमितों का आंकड़ा 5 हजार 194 हो चुका है, इनमें से 401 मरीज ठीक भी हुए हैं। वहीं, covid19india.org वेबसाइट के मुताबिक मंगलवार को देशभर में संक्रमण के 573 नए मामले सामने आए। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 150 केस बढ़े, यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1018 हो गई। तमिलनाडु में 69, दिल्ली में 51, तेलंगाना मे 40, राजस्थान में 42 और मध्यप्रदेश में 34 रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
27 राज्य और 5 केंद्र शासित प्रदेशों में पहुंचा कोरोना
राज्य | कितने संक्रमित | कितनी मौत | कितने ठीक हुए |
महाराष्ट्र | 1018 | 64 | 70 |
तमिलनाडु | 690 | 7 | 19 |
दिल्ली | 577 | 9 | 16 |
केरल | 336 | 2 | 71 |
आंध्रप्रदेश | 314 | 4 | 5 |
तेलंगाना | 404 | 12 | 45 |
राजस्थान | 348 | 12 | 25 |
उत्तरप्रदेश | 332 | 3 | 25 |
कर्नाटक | 175 | 4 | 25 |
मध्यप्रदेश | 312 | 21 | 21 |
गुजरात | 175 | 14 | 25 |
जम्मू-कश्मीर | 125 | 3 | 4 |
प.बंगाल | 91 | 6 | 13 |
हरियाणा | 143 | 2 | 31 |
पंजाब | 99 | 8 | 14 |
बिहार | 38 | 1 | 15 |
चंडीगढ़ | 18 | 1 | 7 |
असम | 28 | 0 | 0 |
लद्दाख | 14 | 0 | 10 |
अंडमान-निकोबार | 10 | 0 | 0 |
उत्तराखंड | 31 | 0 | 4 |
छत्तीसगढ़ | 10 | 0 | 9 |
हिमाचल प्रदेश | 27 | 2 | 1 |
गोवा | 7 | 0 | 0 |
ओडिशा | 42 | 1 | 2 |
पुडुचेरी | 5 | 0 | 1 |
मणिपुर | 2 | 0 | 1 |
झारखंड | 4 | 0 | 0 |
मिजोरम | 1 | 0 | 0 |
अरुणाचल प्रदेश | 1 | 0 | 0 |
दादरा एवं नगर हवेली | 1 | 0 | 0 |
त्रिपुरा | 1 | 0 | 0 |
*ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट और राज्य सरकारों से मिले आंकड़ों के मुताबिक हैं। हालांकि, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार सुबह 10 बजे बताया कि देश में कोरोना संक्रमण के कुल 5 हजार 194 मामले सामने आए हैं। 401 ठीक हुए हैं, जबकि 159 की मौत हो चुकी है।
राज्यों से अपडेट...
दिल्ली, संक्रमित 577: राजधानी में एक पुलिस का एक एएसआई पॉजिटिव मिला। उसे इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है। साथ ही एएसआई के परिवार को क्वारैंटाइन कर दिया गया है। साथ ही कॉलोनी में लॉकडाउन की सख्ती बढ़ाई गई। उधर, एलजी अनिल बैजल ने लोगों से अपील की है कि वे शब-ए-बारात पर घरों से न निकलें और परिवार की सुरक्षा के लिए घर में ही दुआ करें।

महाराष्ट्र, संक्रमित 1018: पुणे में बुधवार को 44 साल के व्यक्ति की संक्रमण के चलते मौत हो गई। उसे डायबिटीज की शिकायत थी। पुणे में इससे पहले मंगलवार को तीन की मौत हुई थी। प्रदेश में अब मौत का आंकड़ा 63 हो गया है। दूसरी ओर, नागपुर में तब्लीगी जमात से जुड़े 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। वे एक मस्जिद में ठहरे थे, सभी को यहीं पर क्वारैंटाइन कर दिया गया है।

नवी मुंबई के एनएमएमसी सरकारी अस्पताल के परिसर को डिसइनफेक्ट किया गया।
मध्य प्रदेश, संक्रमित 312 : इंदौर में बुधवार को 22 और नए पॉजिटिव केस मिले। इंदौर में अब संक्रमितों की संख्या 173 हो गई है, 16 मरीजों की मौत हुई है। भोपाल में पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद विभाग के कई अफसर आइसोलेशन में गए। आज राजधानी में टोटल लॉकडाउन का तीसरा दिन है।

राजस्थान, संक्रमित 348: स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, बुधवार को जयपुर, बीकानेर और बांसवाड़ा में 5 नए संक्रमित मिले। प्रदेश का भीलवाड़ा जिला महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित है, लेकिन अब वहां स्थिति कुछ नियंत्रण में है।
उत्तर प्रदेश, संक्रमित 332: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों के लिए 50 लाख रुपए के बीमा कवर का ऐलान किया। वहीं, नोएडा में हरौला गांव के करीब 150 लोग कोरोना संक्रमित के संपर्क में आए, सभी को मंगलवार देर रात क्वारैंटाइन किया गया।

गुजरात, संक्रमित 175: कोरोना अब मासूमों की जान का दुश्मन बनता जा रहा है। जामनगर में कोरोना पीड़ित 14 महीने के बच्चे की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे पहले अहमदाबाद में तब्लीगी जमात के सदस्यों को क्वारैंटाइन किया गया। प्रदेश में कोरोना से अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। सूरत में पुलिस ने पोस्टर दिखाकर लोगों को महामारी के प्रति जागरूक किया।

हरियाणा, संक्रमित 143: फरीदाबाद में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद प्रशासन ने शहर के 13 इलाके को छाबनी में तब्दील कर दिया गया है। यहां स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर स्क्रीनिंग और सैंपल ले रही हैं।
चंडीगढ़, संक्रमित 18: यहां कोरोना से बचाव को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने लोगों को भीड़वाले इलाके में जाने से पहले मुंह पर कपड़ा और मास्क लगाना जरूरी कर दिया है।
तेलंगाना, संक्रमित 404: मेहबूबनगर में मंगलवार रात 23 दिन के बच्चे समेत 3 लोग संक्रमित मिले। ये लोग तब्लीगी जमात के मरकज से लौटे लोगों के सम्पर्क में आए थे। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या का आंकड़ा 10 हो गया है। प्रदेश में अब तक 12 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है।

प. बंगाल, संक्रमित 91: कोलकाता में शब-ए-बारात के मौके पर सभी श्मशान घाट बंद रहेंगे। राज्य में कोरोना से 6 लोगों की मौत हुई है।

कोलकाता में रेल के डिब्बों को आइसोलेशन कंपार्टमेंट में बदला जा रहा है।
चार दिन में संक्रमितों की संख्या दोगुनी हो रही
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, हर चार दिनों में कोरोनावायरस के मरीजों की संख्या बढ़कर दोगुनी हो रही है। उस हिसाब से लॉकडाउन खुलने तक करीब 17 हजार लोग संक्रमित हो सकते हैं। 15 से 20 मार्च तक केस दोगुने हुए, यानी 5 दिनों में बढ़ोतरी दोगुनी थी। 20 से 23 मार्च के बीच तीन दिनों में इनकी संख्या दोगुनी हुई। इसके बाद 23 से 29 मार्च के बीच 6 दिनों में मरीज दोगुने हुए। 29 मार्च से 2 अप्रैल तक 2 से 6 अप्रैल तक 4-4 दिनों में संक्रमितों की संख्या दर दोगुनी हो गई।
8 दिन बाद पहली बार सोमवार को संक्रमितों की संख्या घटी
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि संक्रमण दूसरी और तीसरी स्टेज के बीच पहुंच गया है। हालांकि, बीते 8 दिन में सोमवार को पहली बार ऐसा हुआ जब नए मामलों में कमी दर्ज की गई। दिनभर में 489 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। 28 मार्च को संक्रमितों की संख्या में 141 की बढ़ोतरी हुई थी। अगले दिन इसमें कमी आई और 115 नए मामले सामने आए थे। इसके बाद 6 अप्रैल तक हर दिन संक्रमितों की संख्या बढ़ती गई।
लॉकडाउन खत्म होने पर कयास न लगाएं: केंद्र
मंत्रालय ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि लॉकडाउन को बढ़ाने पर अभी फैसला नहीं किया गया है। कृपया इसे लेकर कोई कयास न लगाएं। इससे पहले न्यूज एजेंसी एएनआई ने सरकार के सूत्रों हवाले से कहा कहा था कि केंद्र सरकार कई राज्यों और विशेषज्ञों की अपील के बाद इस पर विचार कर रही है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने भी सोमवार को लॉकडाउन 3 जून तक बढ़ाने का सुझाव दिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कैबिनेट की बैठक में मंत्रियों को लॉकडाउन के बाद का एक्शन प्लान तैयार करने को कहा था।